सीरिया में केमिकल हमले के जवाब में मिसाइल हमले शुरू हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सीरिया में असद सरकार के खिलाफ हवाई हमलों का एलान किया। इसके बाद शुक्रवार रात ब्रिटेन और फ्रांस ने भी एयर स्ट्राइक में अमेरिका का साथ दिया।

सीरिया की राजधानी दमिश्क के पास धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं। राजधानी दमिश्क पर 6 हवाई हमले किए गए। अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी जेम्स मैटिस ने बताया कि अब तक हमें नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। सालभर में अमेरिका ने दूसरी बार सीरिया की बशद अल-असद सरकार के खिलाफ कार्रवाई की है। आरोप है कि असद सरकार ने पूर्वी घोउटा के डोउमा में लोगों पर रासायनिक हमले किए। ट्रम्प ने पिछले दिनों इस पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के नाम दिये संबोधन में कहा है कि फ्रांस और यूके की सेनाओं के साथ सशस्त्र ऑपरेशन चल रहा है।उन्होंने कहा कि सीरिया की सरकार के रासायनिक हथियार बनाने के ठिकानों पर हमले के आदेश दिये गए हैं। हमारा उद्देश्य केमिकल हथियारों के प्रयोग पर अंकुश लगाना है। ट्रंप ने सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद के बारे में कहा कि यह किसी इंसान के नहीं बल्कि शैतान के अपराध हैं। साथ ही ट्रम्प ने सीरिया की असद सरकार के समर्थक देशों रूस और ईरान से अपनी नीतियों में बदलाव करने को भी कहा है।

आपको बता दें कि रूस ने पहले ही चेताया था कि सीरिया के खिलाफ पश्चिमी देशों की तरफ से युद्ध शुरू हो सकता है। हालांकि अब रूस ने सीरिया पर हुए हमले के विरोध में कड़ा रुख अख्तियार किया है। अमेरिका में रूसी दूतावास ने कहा कि व्लादीमीर पुतिन का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।