इजराइली जासूसी उपकरण/सॉफ्टवेयर पेगासस के द्वारा देश के विपक्ष के नेताओं जिसमें प्रमुख रुप से राहुल गाँधी सहित अन्य व देश के पूर्व राष्ट्रपति, देश के पूर्व प्रधानमंत्री, साथ-साथ देश के पूर्व मुख्यमंत्री व न्यायाधीश और मीडिया संस्थानों के प्रमुख एवं पत्रकार, भारत के चुनाव आयुक्त के साथ सोशल एक्टिविस्ट सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों व देश के अन्य लोगों की केंद्र की BJP सरकार के द्वारा फोन टैपिंग/हैकिंग कर जासूसी के विरोध एवं निजता के अधिकारों के हनन के खिलाफ आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अखिल भारतीय प्रदर्शन के क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भाजपा की लोकतंत्र विरोधी सोच के खिलाफ प्रदर्शन कर कांग्रेस जनों द्वारा अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू जी के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ, उत्तर प्रदेश की BJP सरकार ने विरोध प्रदर्शन को दबाने की बहुत कोशिश की लेकिन मुख्यमंत्री और BJP सरकार सफल नहीं हो पाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना सहित प्रदेश के अन्य नेताओं को लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन से रोकने के लिए हाउस अरेस्ट किये जाने की खबर मिलते ही आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ सुबह से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर जुटना शुरू हो गई। जिसके उपरांत कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन हेतु निर्धारित स्वास्थ्य भवन कैसरबाग से राजभवन तक मार्च के लिए जाते समय पुलिस से झड़प के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को गिरफ्तार कर इको गार्डन ले जाया गया। विधान मण्डल दल नेता आराधना मिश्रा मोना, विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह व पूर्व सांसद राकेश सचान, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला एवं सतीश अजमानी सहित अन्य नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू ने BJP सरकार को घेरते हुए कहा कि BJP सिर्फ जासूस पार्टी बनकर रह गई है और तानाशाही से लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है, देश-प्रदेश का जनमानस आश्चर्यचकित है कि क्या काम सौंपा था वोट देकर BJP को, और BJP सत्ता में पहुंचने के बाद तानाशाही रवैया से लोगों के अधिकारों को खत्म करने की कोशिश कर रही है, जासूसी कराकर निजता पर डाका डाल रही है। जो भी जनता की आवाज उठाता है सच दिखाता है उन मीडिया संस्थानों को उत्पीड़न किया जा रहा है, आज भारत समाचार, और दैनिक भास्कर समूह पर BJP की फ्रंटल संगठन बन चुकी इनकम टैक्स की Raid करायी गई, इसीलिए कि वह सच दिखा रहे हैं, पत्रकारों को पीटा जा रहा है मुकदमे लिखे जा रहे हैं लेकिन हम सभी कांग्रेसजन इस जुल्मी सरकार से डरने वाले नही है। हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इस जुल्मी सरकार से लड़ेंगे हम प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में इस तानाशाह भाजपा सरकार की तानाशाही को लेकर जनता के बीच जाएंगे और 2022 में प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।